Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    भास्कर अपडेट्स:एअर इंडिया की बेंगलुरु-लंदन फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी; 6 घंटे बाद जेद्दा डायवर्ट, सभी यात्री सुरक्षित

    3 days ago

    एअर इंडिया की बेंगलुरु से लंदन जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी की आशंका के चलते सोमवार को उसे जेद्दा डायवर्ट करना पड़ा। विमान सुरक्षित लैंड हुआ और सभी यात्री व क्रू सुरक्षित हैं। एअर इंडिया की फ्लाइट AI133 ने बेंगलुरु से लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या की आशंका सामने आने पर एहतियातन इसे जेद्दा की ओर मोड़ दिया गया। एयरलाइन के मुताबिक विमान ने शाम 7:58 बजे जेद्दा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। यात्रियों की संख्या के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं दी गई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के पालघर में फार्मा यूनिट में केमिकल लीक, 22 मजदूर अस्पताल में भर्ती महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर स्थित तारापुर MIDC की एक फार्मा यूनिट में केमिकल लीक होने से 22 मजदूर बीमार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुआ, जब डाइ-मेथाइल सल्फेट (DMS) को टैंकर में भरा जा रहा था। इस दौरान टैंकर की वेंट लाइन से केमिकल ओवरफ्लो होकर जमीन पर गिर गया। ऑपरेटर ने तुरंत लीकेज को रोक दिया, जिसके बाद केमिकल को लाइम और सोडा ऐश की मदद से करीब 2:30 बजे तक न्यूट्रलाइज कर दिया गया। हालांकि, इस प्रक्रिया के दौरान निकले धुएं से कर्मचारियों और सुरक्षा स्टाफ की आंखों में जलन होने लगी। शुरुआत में सभी 22 मजदूरों को फैक्ट्री में ही निगरानी में रखा गया, लेकिन लक्षण बने रहने पर शाम करीब 7 बजे उन्हें बोइसर के अधकारी लाइफलाइन मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और किसी की जान को खतरा नहीं है। प्रशासन ने भी कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आसपास के क्षेत्र में कोई खतरा नहीं है। फिलहाल, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। जम्मू-कश्मीर के सांबा में घर के बाहर धमाका, NIA-NSG की टीम मौके पर पहुंची जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सोमवार को एक पूर्व सरपंच के घर के बाहर धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। यह विस्फोट घगवाल सेक्टर के गवाला तालाब में जय राम शर्मा के घर के बाहर हुआ, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 10 किमी दूर स्थित है। धमाके में घर का गेट और दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास के कई घरों के शीशे टूट गए। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल जुटाए। वहीं नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीमें भी स्निफर डॉग्स के साथ जांच के लिए पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक यह धमाका रात करीब 1:07 बजे हुआ, जब घर के लोगों ने जोरदार आवाज सुनी। बाहर आने पर उन्होंने देखा कि गेट क्षतिग्रस्त हो चुका था। पूर्व सरपंच ने कहा कि ऐसा धमाका पहले कभी नहीं सुना। इससे पूरा गांव हिल गया और लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने घटना की गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने मौके से छर्रे और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है, जो किसी विस्फोटक से जुड़ी हो सकती है। मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। केरल के पलक्कड़ में तेज रफ्तार बाइक घर से टकराई, 2 युवकों की मौत केरल के पलक्कड़ में तेज रफ्तार बाइक घर की दीवार से टकरा गई। घटना में दो युवकों कोट्टाई के रहने वाले सुजीत (23) और परुथिपुल्ली के रहने वाले आकाश (23) की मौत हो गई। तीसरा युवक पुलिनेली का रहने वाल अश्विन (23) घायल है। उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार देर रात 1.30 बजे परुथिपुल्ली इलाके में हुई। नवरात्रि की भारी भीड़ के बीच वैष्णो देवी यात्रा का रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू नवरात्रि के दौरान भारी भीड़ के कारण रुका हुआ वैष्णो देवी यात्रा का रजिस्ट्रेशन रविवार के बाद सोमवार सुबह 4 बजे फिर से शुरू कर दिया गया। कटरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और माता के दर्शन के लिए उत्साह बना हुआ है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यवस्था की है और भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। अब तक करीब 1 लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने सभी यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की है। बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर बस रेलिंग से टकराई, 4 लोगों की मौत, 3 घायल बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक निजी बस सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। बस में कुल 36 यात्री सवार थे और यह केरल से बेंगलुरु जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद आ गई थी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस करीब 100 मीटर तक रेलिंग से रगड़ती रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे जांच जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने सोनम वांगचुक की हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की, कहा- मामले में अब कुछ नहीं बचा सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो की राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वांगचुक की हिरासत के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने देखा कि केंद्र ने 14 मार्च को वांगचुक की हिरासत का अपना आदेश रद्द कर दिया था, इसलिए कहा कि इस मामले में अब कुछ भी बाकी नहीं बचा है। इससे पहले कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि क्या सरकार के लिए वांगचुक की सेहत को देखते हुए उनकी हिरासत पर फिर से विचार करने की कोई संभावना है। केंद्र ने 14 मार्च को कहा था कि उसने NSA के तहत वांगचुक की हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। NIA का जम्मू-कश्मीर के 9 इलाकों में छापा, दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस में टीमें तलाशी ले रहीं दिल्ली लाल किला धमाका मामले के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में नौ जगहों पर तलाशी ले रही है। टीमों ने सोमवार सुबह जम्मू और कश्मीर के हंदवाड़ा के गुलूरा इलाके में दिल्ली लाल किला धमाका मामले के सिलसिले में एक कारोबारी के घर पर छापा मारा है। DGCA ने घरेलू एयरलाइंस के लिए गर्मियों की फ्लाइट्स का शेड्यूल जारी किया; 29 मार्च से लागू होगा नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सोमवार को घरेलू उड़ानों का शेड्यूल जारी किया, जो 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक लागू रहेगा। DGCA ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइट पर जाकर शेड्यूल दोबारा जांचें और ऑपरेशनल इमरजेंसी के कारण शेड्यूल में आखिरी समय में होने वाले किसी भी बदलाव की जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करें। इससे पहले रविवार को ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 23 मार्च से घरेलू हवाई किराए पर लगी अस्थायी मूल्य सीमा यानी फेयर कैप को हटाने का फैसला किया। असम में एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर, 6 की मौत; 2 घायल असम के सोनितपुर जिले में रविवार रात एक एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस में एक मरीज और उसके परिजन सवार थे और वे तेजपुर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। हादसा धेकियाजुली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-15 पर हुआ। सोनितपुर के एसएसपी बरुण पुरकायस्थ ने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को गंभीर हालत में तेजपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, राहत-बचाव कार्य शुरू किया और हाईवे को साफ कराया गया। कश्मीर के लोगों ने ईरान के लिए गहने और नकदी दान में दी, एम्बेसी बोली- मदद नहीं भूलेंगे ईरान में युद्ध के बीच कश्मीर के कई इलाकों में लोगों ने राहत के लिए नकदी, सोना और तांबे के बर्तन दान किए। ईरानी एम्बेसी ने इस पर आभार जताते हुए कहा कि यह मदद कभी नहीं भुलाई जाएगी। रविवार को शिया बहुल इलाकों में युवाओं ने घर-घर जाकर दान जुटाया। इस अभियान में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। महिलाओं ने सोने के गहने और घरेलू सामान दिए, जबकि कुछ परिवारों ने मवेशी भी दान किए। बच्चों ने भी अपनी बचत और पॉकेट मनी का योगदान किया। दान मुख्य रूप से बडगाम और बारामूला में जुटाया गया है। इसे राहत एजेंसियों और ईरानी एम्बेसी के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। एम्बेसी ने तस्वीरें साझा कर कहा कि कश्मीर के लोगों ने मानवीय सहयोग दिखाया है और यह मदद हमेशा याद रखी जाएगी। कर्नाटक में डिजिटल अरेस्ट कर 81 साल के कारोबारी से 15 करोड़ रुपए की ठगी कर्नाटक के बेलगावी में 81 साल के एक कारोबारी से डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 15 करोड़ रुपए से ज्यादा ठग लिए गए। आरोपियों ने खुद को CBI अधिकारी बताया और करीब छह हफ्ते तक कॉल और वीडियो कॉल के जरिए उसे डराते रहे। उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि 25 लाख की हेराफेरी में उसे 5 लाख रुपए कमीशन मिला है। गिरफ्तारी की धमकी देकर उससे बैंक और वित्तीय जानकारी ली गई और रकम एक कथित सरकारी/सेफ अकाउंट में ट्रांसफर करवाई गई। ठगों ने जांच के बाद पैसे लौटाने का भरोसा भी दिया। कुछ समय बाद संपर्क बंद होने और नंबर ट्रेस न होने पर कारोबारी को शक हुआ। इसके बाद उसने पिछले हफ्ते पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में CEN पुलिस ने ट्रांजैक्शन वाले खाते को ट्रेस कर करीब 90 लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है। मुंबई के गोरेगांव में 24 मंजिला इमारत में आग: 72 साल की महिला की मौत मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में गोकुलधाम कॉलोनी स्थित एक 24 मंजिला रिहायशी इमारत में रविवार शाम आग लग गई। हादसे में 72 साल की महिला की मौत हो गई। आग बिल्डिंग की छठी मंजिल तक सीमित रही। दमकल विभाग ने मौके पर 8 गाड़ियां भेजीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला गया, जिनकी पहचान इंदु तारकेश्वर सिंह के रूप में हुई। उन्हें गोरेगांव के लाइफलाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आग पर रात 11:20 बजे काबू पा लिया गया। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
    Click here to Read More
    Previous Article
    कोलंबिया में वायुसेना का विमान क्रैश:100 से ज्यादा सैनिक सवार थे, टेकऑफ के दौरान हादसा
    Next Article
    "Congress Destroyed Minorities": Badruddin Ajmal Eyes Assam Comeback

    Related भारत Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment