Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    गुजरात-महाराष्ट्र और राजस्थान के 14 शहरों में टेम्परेचर 40°C पार:MP के इंदौर में रनवे का डामर पिघला; जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

    15 hours ago

    मार्च के दूसरे हफ्ते तक देश के उत्तरी-मैदानी इलाकों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के 14 शहरों में सोमवार को पारा 40 से 41 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। इनमें राजकोट, सुरेंद्रनगर, न्यू कांडला, अहमदाबाद, डीसा, केशोड, गांधीनगर, सूरत, अमरेली, अकोला, बरौडा, भुज, बाड़मेर और कांडला शामिल हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र के विदर्भ में लू चलने लगी है। देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5°C या 12°C ज्यादा पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में गर्मी के कारण एयरपोर्ट पर रनवे का डामर पिघल गया। इसके कारण 2 फ्लाइट्स को भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाएं और साफ आसमान के कारण ही तापमान बढ़ रहा है। तेज सोलर रेडिएशन के कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है। अगले दो-तीन दिन तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका है। मंगलवार को बिहार, झारखंड, बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और केरल में बारिश का अलर्ट है। नगालैंड के कोहिमा, दीमापुर, सेमिन्यू और वोखा समेत कई जगहों पर सोमवार को भी करीब 40 मिनट तक बारिश-ओलावृष्टि हुई। IMD के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार को जम्मू-कश्मीर इलाके में पहुंचने वाला है। इसके चलते 13 से 15 मार्च के बीच कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में तापमान में 2°C से 3°C तक घट सकता है। मौसम की तस्वीरें… गर्मी क्यों- फरवरी में बारिश कम, एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार असामान्य गर्मी के पीछे कई कारण हैं। फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ कम रहे। इस कारण बादल-बारिश कम हुए। सूर्य की गर्मी सीधे जमीन तक पहुंचने से सतह तेजी से गर्म हो रही है। पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इसमें हवा नीचे दबती है, जिससे बादल कम बनते हैं और गर्म हवाएं बनी रहती हैं। ये परिस्थितियां तापमान बढ़ाने के लिए अनुकूल रहती हैं। कब मानी जाती है हीटवेव मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब मानी जाती है, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा पहुंच जाए। अगर सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। जून में अलनीनो संभव, गर्मी बढ़ेगी, मानसून भी बिगड़ सकता है ला-नीना कमजोर हो रहा है। अगले 3 महीने एनसो न्यूट्रल, यानी न ला-नीना और न अलनीनो के हालात रहने के आसार हैं। अमेरिकन मौसम एजेंसी नोआ के अनुसार, जून के शुरू में अलनीनो दस्तक दे सकता है। इसी दौरान देश में मानसून आता है। अलनीनो न सिर्फ मानसून बिगाड़ेगा, बल्कि गर्मी का दौर भी लंबा करेगा। ला-नीना में सामान्य, या फिर सामान्य से ज्यादा बारिश होती है। तापमान सामान्य से कम रहता है। अलनीनो में पारा चढ़ता है और बारिश कम होती है। अगले 2 दिन मौसम का हाल- राज्यों से मौसमी की खबरें… राजस्थान: हीटवेव की चेतावनी, पारा 40 के ऊपर, 7 दिन में 2 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को बाड़मेर का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ, यह प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 10 और 11 मार्च को जैसलमेर, बाड़मेर समेत 4 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 7 दिन में तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर… मध्य प्रदेश: टेम्परेचर सामान्य से 4.63 डिग्री ज्यादा; दिन में लू जैसी तपिश, रातें ठंडी प्रदेश में इन दिनों दो तरह का मौसम है। दिन इतने गर्म है कि पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया है, जबकि रात और सुबह ठंडक है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत कई शहरों में दिन में 'लू' जैसी तपिश रही। सोमवार को इंदौर का टेम्परेचर 36 डिग्री रहा, इसके कारण एयरपोर्ट के रनवे पर डामर पिघलने की खबर सामने आई। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: 10 शहरों में धुंध, बारिश का अलर्ट, सीजन में पहली बार पारा 37°C पार प्रदेश में पहली बार पारा 37°C के पार पहुंच गया है। हालांकि मंगलवार सुबह लखनऊ, कानपुर, काशी, प्रयागराज समेत 10 शहरों में धुंध छाई रही। कई जगह विजिबिलिटी 400 से 500 मीटर तक रही। मौसम विभाग ने दो दिन पूर्वी यूपी और आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 15 मार्च से मौसम और बिगड़ेगा। पढ़ें पूरी खबर… बिहार: 20 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट, 40kmph की रफ्तार से चल सकती है हवा प्रदेश के 20 जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में तेज हवा, बादल और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40KM/H की स्पीड से हवा चल सकती है। बंगाल और मन्नार की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है। इसके कारण नमी बढ़ने से बादल और बारिश की संभावना बढ़ गई है। पढ़ें पूरी खबर… झारखंड: 2 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में यलो अलर्ट; 14 मार्च से तापमान बढ़ेगा प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में बारिश हुई। बोकारो में सबसे ज्यादा 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि धनबाद में करीब 10 से 11 मिमी बारिश हुई। 10 और 11 मार्च को भी कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि मार्च के आखिरी हफ्ते में प्रदेश का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा: 3 शहरों में 35°C से ऊपर तापमान, महेंद्रगढ़ सबसे गर्म राज्य के 3 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 36.2°C तापमान महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में 35.6°C और चरखी दादरी में 35.1°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। गुरुग्राम और भिवानी में भी पारा करीब 35°C तक पहुंच गया। पढ़ें पूरी खबर… हिमाचल प्रदेश: हीटवेव का अलर्ट, आज से मौसम बदलने की संभावना, 11 से 14 तक बारिश-बर्फबारी प्रदेश में आज भी हीटवेव का अलर्ट है, हालांकि देर रात से मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 से 14 मार्च के बीच प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश व बर्फबारी हो सकती है। कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़: 39 डिग्री पहुंचा तापमान, राजनांदगांव सबसे गर्म, 4 दिन नहीं बदलेगा मौसम प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा चल रहा है। अगले चार दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार से मराठवाड़ा तक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होकर गुजर रही है। इसलिए मौसम ड्राई बना हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read More
    Previous Article
    ईरान जंग- पाकिस्तान में तेल महंगा, स्कूल बंद:मंत्रियों की सैलरी–विदेश दौरे रोके; सरकारी दफ्तर हफ्ते में 4 दिन खुलेंगे, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम
    Next Article
    एक युवती पर दो पतियों का दावा, अलग-अलग हाईकोर्ट पहुंचे:अनोखी प्रेम कहानी की कानूनी लड़ाई, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में याचिकाएं

    Related भारत Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment